15°C New York
July 27, 2024
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच 169 दिन बाद दौड़ी दिल्ली मेट्रो
Delhi

सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच 169 दिन बाद दौड़ी दिल्ली मेट्रो

Sep 7, 2020

कोविड-19 महामारी के कारण पांच महीने से अधिक समय तक बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को ‘येलो लाइन पर अपनी सीमित सेवाएं बहाल कीं। इस दौरान यात्री भरपूर सतर्कता बरतते नजर आए। ‘येलो लाइन’ दिल्ली के समयपुर बादली को गुडगांव के हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। DMRC अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का पालन करते हुए सेवाएं सुबह सात बजे बहाल की गईं। पहली ट्रेनें समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर के लिए और हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली के लिए रवाना हुईं।

डीएमआरसी ने हुडा सिटी सेंटर से रवाना हो रही पहली ट्रेन का वीडियो ट्विटर पर साझा किया। उसने लिखा, ‘हम आ रहे हैं। हम 169 दिन से आपसे नहीं मिले। यात्रा जिम्मेदारी के साथ और अतिआवश्यक होने पर ही करें।’ अधिकारी ने बताया कि ‘येलो लाइन के किसी भी स्टेशन के निषिद्ध क्षेत्र में नहीं होने की वजह से कोई भी स्टेशन बंद नहीं है। दिन की शुरुआत में ‘येलो लाइन’ पर कश्मीरी गेट और हौज खास जैसे स्टेशनों पर यात्री मास्क पहने नजर आए।

DMRC ने एक अन्य ट्वीट में कुछ यात्रियों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ” पांच महीने से अधिक समय बाद पहली यात्रा कर रहे लोगों के खुशहाल चेहरे। वहीं एक यात्री ने लिखा यह बहुत ही अच्छआ कदम है। मेट्रो से पैसे और समय की बचत होती है। यात्रियों को हर सावधानी का ख्याल रखना चाहिए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मेट्रो सेवाएं बहाल होने पर खुशी जाहिर की। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘मुझे ख़ुशी है कि आज से मेट्रो शुरू हो रही है। मेट्रो ने अच्छे इंतज़ाम किए हैं। हम सबको भी सावधानी बरतना चाहिए, कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए।’ यात्रियों को तापमान मापने और हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही स्टेशन परिसर में जाने दिया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो के कर्मचारी और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान भी ‘फेस शील्ड, मास्क और दस्ताने पहने दिखे।

मेट्रो में सफर के दौरान यात्री थोड़े असहज जरूर दिखे, मगर कोरोना को लेकर तैयारियों से संतुष्ट भी थे। मेट्रो में कदम पड़ते ही उनके चेहरे खिल उठे।

कोविड-19 महामारी के कारण एनसीआर में मेट्रो सेवाएं 22 मार्च से बंद थीं। डीएमआरसी ने लोगों से अतिआवश्यक होने पर ही मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। डीएमआरसी ने यात्रियों से ‘आरोग्य सेतु एप का इस्तेमाल करने को भी कहा है। दिल्ली में मेट्रो सेवाएं ऐसे समय में बहाल की गई हैं, जब यहां एक दिन पहले कोविड-19 के 3,256 नए मामले सामने आए थे। कोरोना वायरस के यहां कुल 1.91 लाख मामले सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *